Flood in Kota: मलबे में दबकर पूरे परिवार की मृत्यु पर लोकसभा अध्यक्ष ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा
आश्रितों को आपदा प्रबंधन कोष से 4 लाख व प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख की मिलेगी आर्थिक मदद
![Lok Sabha Speaker Om Birla, Keshavarai Patan, Flood In Kota, Disaster Management Fund, Prime Minister Relief Fund, TIS Media, Kota News, Latest News Kota, Hindi News Kota](https://tismedia.in/wp-content/uploads/2021/08/tismedia.in-flood-in-kota-om-birla.jpg)
TISMedia@Kota केशवरायपाटन में मकान धंसने के कारण हुए हादसे को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हृदयविदारक बताया। उन्होंने घटना के प्रति दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता की घोषणा भी की। बिरला ने कहा कि लोकसभा का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद वे स्वयं परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को छह लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिलाने की भी घोषणा की।
Read More: Flood In Kota: दर्जनों बस्तियां पानी में डूबीं, एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन लोगों को बचाने में जुटे
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सुबह 6 बजे बूंदी जिला कलक्टर आशीष गुप्ता से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिला कलक्टर को निर्देश दिए कि बचाव कार्य में तेजी लाते हुए राहत पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करें। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से भी फोन पर बात कर ढांढस बंधाया तथा कहा कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं। उधर, लोकसभा अध्यक्ष के भाई और समाजसेवी हरिकृष्ण बिरला भी घटना की जानकारी मिलते ही केशवरापाटन पहुंच गए। उन्होंने परिजनों से भेंट कर दुख व्यक्त किया, घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा घायलों की कुशलक्षेम भी पूछी।
Read More: Flood In Kota: जलभराव ने ध्वस्त की कोटा की विद्युत व्यवस्था, आधे शहर की बिजली बंद
बिरला ने की मदद की घोषणा
उन्होंने परिजनों को लोकसभा अध्यक्ष बिरला की ओर से भेजी गई राशन किट, घरेलू सामग्री, कपड़े-बर्तन आदि भी सौंपे। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में ऐसे अन्य मकानों को भी चिन्हित किया जाए जहां हादसे का खतरा हो। इन मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजें। लोकसभा कैंप कार्यालय की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन कोष से 4 लाख व प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी घटना में मृतको के परिजन को 15-15 हजार रूपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।