कोटा उत्तर सहित तीन निगमों के लिए मतदान कल, सेनेटाइजर का इंतजाम करेंगे प्रत्याशी

कोटा/जयपुर/जोधपुर. कोटा उत्तर, जोधपुर उत्तर और जयपुर हैरिटेज नगर निगमों के लिए चुनाव गुरुवार सुबह 7.30 बजे शुरु होगा। चुनाव आयुक्त पीएस मेहरा ने बताया कि तीनों निगम चुनाव संपन्न कराने के लिए मतदान कर्मी रवाना कर दिए गए हैं। सुरक्षित मतदान के लिए कोरोना गाइड लाइन जारी की गई है। जिसकी कड़ाई से पालना की जाएगी।
951 प्रत्याशी मैदान में
चुनाव आयुक्त ने बताया कि कोटा उत्तर के 70, जोधपुर उत्तर के 80 और जयपुर हैरिटेज नगर निगम के 100 वार्डों के लिए मतदान कल यानि 29 अक्टूबर को सुबह 7.30 बजे शुरु होगा। जो शाम 5.30 बजे तक चलेगा। जबकि मतगणना 3 नवंबर को सुबह 9 बजे से होगी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में गठित किए गए इन निगमों के लिए हो रहे पहले चुनाव में कुल 951 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कोटा में 225, जोधपुर में 296 और जयपुर में 430, और प्रत्याशी अपना भाग्य अजमा रहे हैं। 2761 मतदान केंद्रों पर 16 लाख 54 हजार 547 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
कोटा में 555 मतदान केंद्र
कोटा के जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उज्जवल राठौड़ ने बताया कि कोटा उत्तर नगर निगम चुनावों में 3 लाख 32 हजार 655 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कोटा उत्तर में 225 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के लिए कोटा उत्तर नगर निगम क्षेत्र के 70 वार्डों में 555 मतदान केन्द्रों बनाए गए हैं।
मास्क नहीं तो प्रवेश नहीं
जिला निर्वाचन अधिकारी उज्ज्वल राठौड़ ने बताया कि मतदान केन्द्र पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए मास्क का उपयोग अनिवार्य होगा। केवल मतदाता की पहचान पर संदेह होने पर ही मास्क हटाया जा सकेगा। मतदान दिवस पर मतदान के लिए आने वाले प्रत्येक मतदाता को केन्द्र में प्रवेश से पहले सैनेटाइज करने के बाद ही मतदान के लिए कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाताओं के लिए पुरुष, महिला और दिव्यांगजन व वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग पंक्तियां बनाई जाएगी। प्रत्येक पंक्ति में मतदाताओं के लिए 6 फीट की दूरी पर खड़े रहने के लिए पूर्व से ही गोले निर्धारित किए
प्रत्याशी करेंगे सेनेटाइजर की व्यवस्था
चुनाव आयुक्त पीएस मेहरा ने बताया कि उम्मीदवार मतदान केंद्र के पास मतदाताओं की सहायता के लिए जो केंद्र बनाएंगे, वहीं पर वे स्वयं सेनेटाइजर की व्यवस्था करें। समर्थक पूरे समय मास्क लगाकर रहें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। मतदान केंद्र में जाने से पहले मतदाता हाथों को सेनेटाइज करेंगे।









