एलन कोटा देगा सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नीट की निःशुल्क कोचिंग
एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास करेगा निशुल्क भोजन व आवास व्यवस्था, 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप

– एलन शिक्षा संबल अभियान के तीसरे सत्र के रजिस्ट्रेशन शुरू
कोटा. एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास एवं एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में संचालित एलन शिक्षा संबल अभियान निःशुल्क नीट कोचिंग के तीसरे सत्र की प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। एलन परिवार के पितृ पुरूष लक्ष्मीनारायण माहेश्वरी की पुण्यतिथि के अवसर पर यह शुरूआत की गई। एलन के निदेशक डॉ.गोविन्द माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी, नवीन माहेश्वरी व डॉ.बृजेश माहेश्वरी ने संकल्प कैम्पस में वीडियो बटन दबाकर व पोस्टर विमोचन कर यह शुरुआत की। इच्छुक विद्यार्थी https://lnmpnyas.org/ पर आवेदन कर सकते हैं।
वीडियो देखेंः– शिक्षा संबल अभियान की लांचिंग
इस योजना के तहत उत्तर भारत के हिन्दी भाषी प्रदेशों के सरकारी स्कूलों के चयनित 126 विद्यार्थियों को नीट-यूजी के लिए निशुल्क कोचिंग के साथ-साथ निशुल्क आवास व भोजन भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसमें 81 छात्राएं एवं 45 छात्र शामिल हैं। योजना के तहत एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट की ओर से कोटा में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी की एक साल के लिए निशुल्क कोचिंग (100 प्रतिशत स्कॉलरशिप) दी जा रही है। वहीं एल एन माहेश्वरी परमार्थ न्यास की ओर से इन विद्यार्थियों के निशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है।
निदेशक नवीन माहेश्वरी ने बताया कि पिता श्री एलएन माहेश्वरी जी ने हमेशा शिक्षा के लिए प्रेरित किया। वे बच्चों की पढ़ाई के प्रति बहुत सरोकार रखते थे और इसके लिए मदद भी किया करते थे। इन्हीं संस्कारों से प्रेरित होकर, उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए यह पहल शुरू की गई है। ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों तक शिक्षा का उजियारा पहुंचाते हुए उनके सपने सच करना ही ध्येय है।
शिक्षा संबल योजना के तहत मध्य भारत के राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड राज्यों के हिन्दी माध्यम के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रवेश परीक्षा में प्रदर्शन की वरीयता के आधार पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी की तैयारी के लिए चुना जाता है। विद्यार्थियों को एलन कोटा के बारां रोड नया नोहरा स्थित सुपथ कैम्पस में निशुल्क कोचिंग दी जाती है। इसके साथ ही एल एन माहेश्वरी परमार्थ न्यास की ओर से निकट के हॉस्टल्स में निशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था की जाती है। पहले वर्ष में 105 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा दी, जिसमें से 103 ने नीट क्वालीफाई किया। दो स्टूडेंट्स राजकीय मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत हैं। दूसरे वर्ष के विद्यार्थी नीट-2026 में प्रवेशित होंगे।









