दिल्ली से सांगोद पहुंची शहीद हेमराज की प्रतिमा, भारत माता के जयकारों से गूंजा आसमान

शहीद हेमराज की प्रतिमा की अगवानी करने उमड़े लोग

300 किलो वजनी और 7 फीट ऊंची है प्रतिमा

TISMedia@Kota. पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए हेमराज मीणा की प्रतिमा बुधवार को कोटा पहुंची। बड़ी संख्या में लोग प्रतिमा की अगवानी करने शहीद स्मारक पहुंचे। वहां वीरांगना मधुबाला मीणा सहित सभी ने प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान आसमान भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।

वर्ष 2019 में 14 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में विनोदकलां (सांगोद) निवासी हेमराज मीणा शहीद हो गए थे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए सांसद कोष से शहीद की प्रतिमा स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत किए थे। यह प्रतिमा विनोदकलां गांव में जिस शहीद पार्क में स्थापित होनी है, उसके विकास के लिए बिरला ने राज्यसभा सांसद विजय गोयल से 20 लाख रुपए स्वीकृत करवाए थे। बिरला ने शहीद की प्रतिमा को सोमवार को अपने दिल्ली स्थित निवास से पैतृक गांव के लिए रवाना किया था। यह प्रतिमा बुधवार को कोटा पहुंची तो उसकी अगवानी करने के लिए लोग उमड़ पड़े। पूर्व सैनिक परिषद के सदस्य , यूथ एक्शन फोर्स के चन्दू पांचाल, खिलाड़ी, वीरांगना मधुबाला मीणा भी अपने पति की प्रतिमा की अगवानी करने शहीद स्मारक पहुंची। वहां प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित करते हुए वे भावुक हो उठी, यह देख वहां उपस्थित सभी की आंखें नम हो गई।

Read More : Rajasthan Budget 2021 : अब हेल्थ एज्युकेशन में भी चमकेगा शिक्षा नगरी कोटा का सितारा

भारत माता के जयकारों से गूंजा आसमान
शहीद हेमराज की प्रतिमा जैसे ही कोटा पहुंची तो लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा और फिजा में भारत माता के जयकारे गूंज उठे। कुछ ही पलों में माहौल देशभक्ति से लबरेज हो गया। लहराते तिरंगे की छांव में प्रतिमा वहां से रवाना होकर कैथून, कुराड़, खजूरी, देवलीमांझी, बालूहेड़ा, आजादपुरा, धानाहेड़ा, सांगोद में मुख्य बाजार से होते हुए शहीद के पैतृक गांव विनोदकलां पहुंची। प्रतिमा जिस मार्ग से गुजरी लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Read More : अब राजस्थानियों को सरकारी-प्राइवेट अस्पताल में मिलेगा 5 लाख का फ्री इलाज

लोकसभा अध्यक्ष करेंगे प्रतिमा का अनावरण
सांगोद के पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से तैयार हुई प्रतिमा पैतृक गांव विनोदकलां पहुंच गई है। प्रतिमा का अनावरण 2 मार्च को लोकसभा अध्यक्ष बिरला करेंगे। कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए तैयारियां की जा रही है। हाड़ौती में तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इस दौरान देहात भाजपा पूर्व अध्यक्ष जयवीर सिंह, शहर भाजपा महामंत्री जगदीश जिंदल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरभि झामनानी, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश नागर सहित कई लोग उपस्थित थे।

Read More : Rajasthan Budget 2021 : यहां से लीजिए, 16 हजार करोड़ का ‘लोन’ वो भी बिना ब्याज पर

तीन माह में तैयार हुई 7 फीट ऊंची प्रतिमा
शहीद हेमराज मीणा की प्रतिमा हरियाणा के मानेसर (गुरुग्राम) में तैयार हुई है। मूर्तिकार नरेश कुमावत ने तीन माह में 7 फीट ऊंची प्रतिमा तैयार की है। करीब 300 किलो के वजन की यह प्रतिमा कॉपर की प्लेटिंग से तैयार की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!