कोटा, 1 सितंबर। कोटा का ऐतिहासिक और प्रसिद्ध अनंत चतुर्दशी महोत्सव इस बार भक्ति, शौर्य, संस्कृति, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ और भी विराट स्वरूप में नजर आएगा। 25 सितंबर को दोपहर 11.30 बजे सूरजपोल गेट से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा में इस बार केरल की पारंपरिक युद्धकला ‘कलरी’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन समिति के अनुसार, करीब 18 से 19 घंटे चलने वाली इस विराट शोभायात्रा में चार से पांच लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।
अनंत चतुर्दशी महोत्सव आयोजन समिति की अध्यक्ष महामंडलेश्वर साध्वी हेमा जी सरस्वती ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सनातन परंपरा में मिट्टी और गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमा की स्थापना पर्यावरण और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने शहरवासियों से पीओपी एवं रासायनिक पदार्थों से बनी प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी और गोबर से बनी पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी अपने लिए सुविधाएं जुटा रही है, लेकिन आने वाली पीढ़ी को कैसा पर्यावरण मिलेगा, इस पर भी चिंतन जरूरी है। दस दिनों तक मिट्टी और गोबर से बनी गणेश प्रतिमा की श्रद्धापूर्वक पूजा कर विसर्जन करने से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।
कलरी के साथ दिखेगा भारतीय शौर्य और संस्कृति का अनूठा संगम
समिति के प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि इस बार शोभायात्रा को और भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए केरल की पारंपरिक युद्धकला एवं मार्शल आर्ट कलरी को शामिल किया गया है। शोभायात्रा में करीब 90 अखाड़ों, लगभग 200 झांकियों-अखाड़ों, 10 भजन मंडलियों और 10 डांडिया मंडलियों की सहभागिता रहेगी। मार्ग में शहर की करीब 150 स्वागत समितियां श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगी।
उन्होंने बताया कि अनंत चतुर्दशी की इस विराट शोभायात्रा को धार्मिक आयोजन के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन से शोभायात्रा मार्ग में आने वाली ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों की रंगाई-पुताई कराने तथा तालाब में लेजर शो आयोजित कराने का आग्रह किया गया है।
कोटा को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने की तैयारी
सुमेर सिंह ने कहा कि इंदौर की तर्ज पर कोटा में भी विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं समाजों के माध्यम से आकर्षक, सांस्कृतिक और संदेशपरक झांकियां तैयार कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। गणेश मंडलों की स्थापना के लिए शहर को 12 हिस्सों में बांटकर 12 प्रमुख बनाए गए हैं। इनके माध्यम से करीब 5 हजार नए गणेश मंडल स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस बार सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों को भी आयोजन में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, ताकि यह आयोजन सामाजिक एकता और समरसता का व्यापक संदेश दे सके।
11.30 बजे सूरजपोल से शुरू होगी शोभायात्रा
25 सितंबर को दोपहर 11.30 बजे सूरजपोल गेट से शोभायात्रा शुरू होगी। यहां से मोखापाड़ा, कैथूनीपोल, सब्जीमंडी, चरखंभा, रामपुरा, आर्य समाज मार्ग होते हुए बारहदरी तक शोभायात्रा पहुंचेगी।
आयोजन समिति ने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए स्वागत समितियों से प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग नहीं करने की अपील की है। नगर निगम से प्रसाद वितरण स्थलों पर टिपर उपलब्ध कराने और विभिन्न स्थानों पर सफाई दल तैनात करने का आग्रह किया गया है।
प्रशासन से शोभायात्रा मार्ग की जर्जर सड़कों की मरम्मत, टेलीफोन एवं बिजली के तारों की दुरुस्ती तथा कैथूनीपोल, गांधीजी पुल, श्रीपुरा और आर्य समाज रोड पर चिन्हित जर्जर भवनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। प्रतिमा विसर्जन के लिए विभिन्न स्थानों पर अस्थायी विसर्जन कुंड बनाने का भी आग्रह किया गया है, जिससे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सके।
350 सुरक्षा स्वयंसेवक संभालेंगे व्यवस्था
शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में इस बार 200 पुरुष सुरक्षा स्वयंसेवक और 150 महिला सुरक्षा स्वयंसेवक, कुल 350 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। इनका उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ विशाल शोभायात्रा का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना है। प्रशासन से भी शोभायात्रा मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने का आग्रह किया गया है।
समिति के संरक्षक जटाशंकर शर्मा ने कहा कि अनंत चतुर्दशी महोत्सव हिन्दू समाज का बड़ा सांस्कृतिक एवं सामाजिक उत्सव है। लोकमान्य तिलक ने महाराष्ट्र से इस आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया था और स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में क्रांतिकारी भी इससे जुड़े थे। उन्होंने कहा कि यह ऐसा आयोजन है, जहां समाज के सभी वर्ग बिना भेदभाव एक मंच पर एकत्र होते हैं। यह आयोजन सामाजिक एकता, समरसता और शौर्य का प्रतीक बन चुका है।
1100 गणेश प्रतिमाएं होंगी निःशुल्क वितरित
गणेश स्थापना मंडल के संयोजक गोविन्द नारायण अग्रवाल ने शहरवासियों से मिट्टी और गोबर से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि गणेश मंडल स्थापना समिति की ओर से 1100 गणेश प्रतिमाएं निःशुल्क वितरित की जाएंगी। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से मिट्टी के गणेशजी की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, आयोजन के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका
पत्रकार वार्ता के दौरान अनंत चतुर्दशी आयोजन समिति की ओर से प्रिंट, डिजिटल एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और मीडिया के सहयोग के बिना इतने व्यापक जन-आयोजन का संदेश जन-जन तक पहुंचाना अधूरा है।
समिति ने कहा कि मीडिया के माध्यम से अनंत चतुर्दशी महोत्सव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावना को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। विशेष रूप से युवाओं को सरल भाषा में गणेशत्व का अर्थ, गणेश स्थापना के उद्देश्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाने में डिजिटल एवं सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
आयोजन समिति के अनुसार अनंत चतुर्दशी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, संस्कृति, शौर्य, सामाजिक समरसता और एकता का पर्व है। इसे नई पीढ़ी से जोड़ना और कोटा की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाना इस वर्ष आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
पत्रकार वार्ता में अनंत चतुर्दशी अखाड़ा समिति के संयोजक राधाबल्लभ शर्मा, सह प्रभारी सत्यनारायण श्रीवास्तव, सियाराम नागर, स्वागत समिति संयोजक अनिल तिवारी, सुरक्षा संयोजक योगेश रेनवाल, सोशल मीडिया प्रभारी सुनील पोकरा, प्रचार समिति संयोजक जितेन्द्र कुमार शर्मा, प्रचार सह संयोजक राजकुमार सोनी, झांकी संयोजक अजय सक्सेना, सामाजिक संपर्क प्रभारी महेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Read Next
1st April 2021
राजस्थान में कोरोना हुआ बेकाबू, कोटा के 2 इलाकों में लगा कर्फ्यू
24th August 2021
बिरला के दौरे के बाद टूटी नींदः बाढ़ प्रभावितों को मिला 7.69 करोड़ रुपए का मुआवजा
1st April 2022
जेल में निकलेगी “गर्मी”: डीएफओ से मारपीट करने वाले भाजपा के पूर्व विधायक को कोर्ट ने भेजा जेल
20th April 2021
डबल डोज के बाद भी कोरोना डे केयर सेंटर प्रभारी पॉजिटिव, कुंभ से लौटे दम्पति का 72 घंटे में टूटा दम
6th February 2021
चक्काजामः किसान ‘गुल’, ट्रेक्टरों से ग्राउंड किया ‘फुल’
Back to top button
error: Content is protected !!