केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार कोरोना पॉजिटिव होने के बाद हुए अस्पताल में भर्ती।
-मंत्री के सहयोगी रमेश जैन की पत्नी और बेटा भी पॉजिटिव, पीके गुप्ता पहले ही हो चुके हैं पॉजिटिव
– मीरगंज विधायक भी हुए कोरोना पाजिटिव, पंचायत चुनाव प्रचार में जुटे थे सभी लोग
बरेली. केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केंद्रीय मंत्री के साथ-साथ उनकी पत्नी और दामाद भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी।
पहली डोज लगवाने के बाद हुए पॉजिटिव
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार और उनकी पत्नी सौभाग्यवती गंगवार ने हाल ही में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी। दूसरी डोज लगवाने से पहले ही वह दोनों कोरोना की चपेट में आ गए। मंगलवार को सौभाग्यवती गंगवार केंद्रीय मंत्री के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची। जिसके बाद दोनों लोगों की कोरोना जांच की गई। जिसमें वह पॉजिटिव पाए गए। बता दें कि नवंबर 2020 में भी सौभाग्यवती गंगवार कोरोना पॉजिटिव हो गई थी। वह दूसरी बार इस संक्रमण की चपेट में आई हैं।
दामाद और स्टाफ भी पॉजिटिव
केंद्रीय श्रम मंत्री के दादाम सुबोध भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। वह भी दूसरी बार कोरोना की चपेट में आए हैं। इससे पहले नवंबर 2020 में भी सुबोध पॉजिटिव हो गए थे। इसके साथ ही श्रम मंत्रालय के दो दर्जन से ज्यादा अधिकारी एवं कार्मिक कोरोना की चपेट में आ चुके है। इससे पहले केंद्रीय श्रम मंत्री के प्रमुख सहयोगी एवं निजी सचिव पीके गुप्ता पूरे परिवार के साथ पॉजिटिव हो गए थे। वहीं इस बार बरेली लोकसभा क्षेत्र में मंत्री के प्रमुख सहयोगी रमेश जैन की पत्नी सुमित्रा जैन एवं बेटा अरिहंत पॉजिटिव हो गए हैं। हालांकि रमेश जैन की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है।
मंत्री अस्पताल में भर्ती
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को शनिवार देर रात फरीदाबाद के ईएसआई हॉस्पीटल में एडमिट करवाया गया है। हालांकि उनकी पत्नी और दामाद अभी होम आइसोलेशन में हैं। जहां उनका स्वास्थ्य बेहतर बताया जा रहा है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में फिलहाल पंचायत चुनाव चल रहे हैं। बरेली जिले में भी पंचायत चुनाव थे। जिसमें मंत्री भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में पिछले कई दिनों से लागातार ग्रामीण इलाकों में जनसंपर्क और सभाएं कर रहे थे। वहीं मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।