25 सितंबर के गणेश विसर्जन, पांच प्रमुख स्थलों पर होगी प्रतिमाओं की विदाई

प्रशासन अलर्ट,  सुरक्षा के लिए जगह-जगह लगेंगे सीसीटीवी

 – अखाड़ों के वॉलंटियर्स के साथ युवा भी संभालेंगे मोर्चा, 23 सितंबर रात से विसर्जन स्थलों पर शुरू होगी लाइटिंग

कोटा। अनंत चतुर्दशी पर 25 सितंबर को होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनोद कुमार मल्होत्रा की अध्यक्षता में अनंत चतुर्दशी महोत्सव आयोजन समिति, अखाड़ा समन्वयक समिति, नगर निगम, केडीए और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें विसर्जन स्थलों की व्यवस्था, शोभायात्रा के मार्ग, सड़क मरम्मत, बिजली के तार, सजावट, सुरक्षा और अखाड़ों के समय को लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई।

पांच जगहों पर होगा विसर्जन, सेवन वंडर के पास छोटी-मध्यम प्रतिमाओं की व्यवस्था
अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनोद कुमार मल्होत्रा ने कहा कि विसर्जन स्थलों पर नगर निगम के सहयोग से विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस बार कुल पांच प्रमुख विसर्जन स्थल बनाए गए हैं। इनमें चार विशेष स्थल एक साइड में रहेंगे, जबकि एक स्थल सेवन वंडर पार्क के पास बनाया जाएगा। सेवन वंडर के पास छोटी और मध्यम आकार की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होगा, जबकि बड़ी प्रतिमाओं के लिए चार मुख्य विसर्जन स्थल निर्धारित किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष मिश्रा ने कहा कि अनंत चतुर्दशी का जुलूस आपसी भाईचारे का पर्व है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, ऐसे में आयोजन समिति, अखाड़ा समिति और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

कानून-व्यवस्था के लिहाज से छोटी सी चूक भी पूरे आयोजन को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि मेले में कार्यपालक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अखाड़ा समितियों के वॉलंटियर्स की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी। इस बार युवाओं की टीम को भी वॉलंटियर्स के साथ तैनात किया जाएगा।

सिर्फ कैमरों पर निर्भर नहीं रहेंगे
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष मिश्रा ने कहा कि सुरक्षा के लिए सूरजपोल गेट, श्रीपुरा, पार्किंग स्थल, गांधी पुल से सब्जी मंडी तक, कोतवाली से सब्जी मंडी चौराहा होते हुए पोस्ट ऑफिस तक, उप अधीक्षक कार्यालय, पोस्ट ऑफिस मोड़ और सुंदर धर्मशाला सहित प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एएसपी मिश्रा ने कहा कि सुरक्षा के लिए केवल सीसीटीवी पर निर्भर नहीं रहा जा सकता। सभी लोगों को भी सतर्क रहना होगा। किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। बैठक में फायर ब्रिगेड के पॉइंट भी तय किए गए। अखाड़ा समितियों से कहा गया कि यदि किसी स्थान पर सुरक्षा या सीसीटीवी की व्यवस्था छूट गई हो तो प्रशासन को तत्काल अवगत कराया जाए।

नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने कहा कि चयनित पांचों गार्डनों में पेंटिंग का काम चल रहा है, जो अगले दो दिन में पूरा हो जाएगा। सूरजपोल क्षेत्र में पेंटिंग के बाद लाइटिंग और सजावट की जाएगी। विसर्जन स्थलों पर 23 सितंबर की रात से लाइटिंग शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विसर्जन रूट पर सड़क और बेंचों को हटाने का काम मंगलवार से शुरू किया जाएगा, ताकि शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और अखाड़ों को परेशानी न हो। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

केईडीएल के अधिकारी ने कहा कि शोभायात्रा मार्ग पर बिजली से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त करवा दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की कोई दुर्घटना नहीं हो। बैठक में अनंत चतुर्दशी महोत्सव आयोजन समिति की अध्यक्ष महामंडलेश्वर डॉ. हेमा जी सरस्वती, महामंडलेश्वर साध्वी मैत्रेई गिरी जी, आयोजन समिति प्रभारी सुमेर सिंह, सह प्रभारी रौनक आनंद, भंवर सिंह, दीपक गुप्ता, राजू सुमन,नाथूलाल पहलवान, भानु सुमन, नेता खंडेलवाल, जटाशंकर शर्मा, गजेन्द्र भार्गव और रमेश राठौर ने शोभायात्रा के सुचारू एवं सुरक्षित संचालन को लेकर सुझाव दिए। इस मौके पर सियाराम नागर, अजय सक्सेना, योगेश रेनवाल, रामचरण लोधा, सुनील पोकरा, जितेन्द्र कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!