#चम्बल में मिला महिला का शव, बेडशीट में बंधी थी लाश, हत्या की आशंका

कोटा. कोटा के इटावा थाना क्षेत्र के गैंता गांव के पास चंबल नदी के पुल के नीचे एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को बड़ी बेरहमी से एक बेडशीट में कस कर बंधा हुआ था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव नदी से बाहर निकाला। इस मामले में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।
गैंता गांव के पास चंबल नदी में एक चादर की गठरी बहती चली आ रही थी। जैसे ही यह गठरी नदी पर बने पुल के नीचे आई तो लोगों को उसमें एक महिला का शव बंधा हुआ दिखाई पड़ा। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना इटावा पुलिस को दी।
हत्या की आशंका
सूचना मिलते ही इटावा थाने के एएसआई प्रकाश चंद शर्मा जाप्ते के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ग्रामीणों की मदद से शव नदी से बाहर निकलवाया। नदी में लाश मिलने की खबर लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इटावा एसएचओ मुकेश मीणा ने बताया कि नदी में एक अज्ञात शव की सूचना मिली थी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। महिला की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
चादर में बंधा था शव
पुलिस के मुताबिक, महिला का शव एक बेडशीट में बेहद कसकर बांधा गया था। अब चादर और महिला के कपड़ों के आधार पर पुलिस मृतका की जानकारी जुटाने में लगी है। इटावा क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में हत्या के 3 मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले करवाड़ में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस पति को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन यह ब्लाइंड मर्डर अब भी पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है। जिसके बाद अब बेड शीट में बंधा महिला का शव मिलने से पुलिस की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।