स्वतंत्रता दिवस पर हाड़ौती हलवाई कैटरर्स एसोसिएशन का सामाजिक सरोकार, 35 फूड लाइसेंस के आवेदन
तिरंगे को दी सलामी, खाद्य सुरक्षा के प्रति व्यापारियों को किया जागरूक

कोटा। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर हाड़ौती हलवाई कैटरर्स एसोसिएशन ने देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ समारोह आयोजित किया। अलजाना रिसोर्ट में हुए कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
स्वतंत्रता दिवस पर खाद्य सुरक्षा का संदेश
समारोह के साथ एसोसिएशन की ओर से विशेष खाद्य सुरक्षा लाइसेंस शिविर भी लगाया गया। इसका उद्देश्य हलवाई, कैटरर्स तथा खाद्य व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी देना और लाइसेंस तथा पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाना रहा।
शिविर में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने व्यापारियों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की तथा खाद्य लाइसेंस और पंजीकरण से संबंधित जानकारी दी। शिविर में 35 नए खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण के आवेदन प्राप्त हुए।
सचिन माहेश्वरी ने बताया संगठन का उद्देश्य
एसोसिएशन अध्यक्ष सचिन माहेश्वरी ने कहा कि खाद्य व्यवसाय से जुड़े प्रत्येक व्यापारी के लिए खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी रखना और उनका पालन करना आवश्यक है। एसोसिएशन अपने सदस्यों को सरकारी नियमों की जानकारी देने के साथ उनके व्यवसाय को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण के लिए शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही हलवाई कैटरर्स संगठन को मजबूत करने, सदस्यों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
संगठन की एकजुटता का लिया संकल्प
कार्यक्रम का संचालन एसोसिएशन अध्यक्ष सचिन माहेश्वरी ने किया। समारोह में संरक्षक त्रिलोक जी पाठक, रमेश जी अरोड़ा, घनश्याम जी वैष्णव, वरिष्ठ अध्यक्ष अन्नू अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र बघेल, महामंत्री कमल गौतम, कोषाध्यक्ष विनय गुप्ता, सहसचिव रवि आहुजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ललित शर्मा, लक्ष्मी चंद प्रजापति, उपाध्यक्ष विनोद पाटनी, रामबिलास बाजड, नितिन विजय, सुधीर जी खंडेलवाल, सतीश मरोठा, अंकुर मंत्री, एवं राजू रमा सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में एसोसिएशन पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की एकजुटता, खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता तथा हलवाई कैटरर्स समाज के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।








