हिन्दू नववर्ष पर कोटा में पांच दिवसीय महोत्सव, 21 मार्च को निकलेगी सर्व हिन्दू समाज की विराट वाहन रैली

मातृशक्ति वाहन रैली से शुरुआत, 120 बस्तियों में महाआरती; दशहरा मैदान में स्वदेशी मेला और भजन संध्या में गूंजेंगे भक्ति गीत

5 मार्च कोटा राजस्थान

 

 

 

 

हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 के उपलक्ष्य में कोटा महानगर में इस बार पांच दिवसीय धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। हिन्दू नववर्ष आयोजन समिति, कोटा महानगर के तत्वावधान में 17 से 21 मार्च तक मातृशक्ति वाहन रैली, सामूहिक महाआरती, दो दिवसीय स्वदेशी मेला, भजन संध्या और सर्व हिन्दू समाज की विराट वाहन रैली जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर गुरुवार शाम टीलेश्वर चौराहे स्थित टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए समाज से व्यापक भागीदारी का आह्वान किया।
बैठक में मौजीबाबा धाम से महामंडलेश्वर साध्वी हेमा सरस्वती, कबीर आश्रम चेतन धाम से सद्गुरु प्रभाकर देव साहिब, महामंडलेश्वर रंजीतनंद जी महाराज, श्रीकुलम शक्तिपीठ की माताश्री नीति अंबाजी तथा आयोजन समिति के महानगर अध्यक्ष गोविन्द नारायण अग्रवाल मंचस्थ रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति के महामंत्री डॉ. बाबूलाल भाट ने किया।
नववर्ष को उत्सव स्वरूप मनाने का आह्वान
संतों ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दू नववर्ष हमारी संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसे समाज के हर वर्ग की भागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए।
सद्गुरु प्रभाकर देव साहिब ने युवाओं और बच्चों को हिन्दू नववर्ष की जानकारी देने पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है।
महामंडलेश्वर रंजीतनंद जी महाराज ने कहा कि हिन्दू समाज को सदैव सजग और चैतन्य रहना चाहिए तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना चाहिए।
महामंडलेश्वर साध्वी हेमा सरस्वती ने समाज से आह्वान किया कि हिन्दू नववर्ष को प्रत्येक परिवार और समाज स्तर पर उत्साहपूर्वक मनाया जाए।माताश्री नीति अंबाजी ने कहा कि हिन्दू समाज जाग्रत समाज है और अपने पर्वों को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाना चाहिए।

17 मार्च से शुरू होंगे कार्यक्रम पांच दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत 17 मार्च को मातृशक्ति वाहन रैली से होगी। यह रैली दोपहर 3 बजे नयापुरा स्टेडियम से प्रारंभ होकर रावतभाटा रोड स्थित गोदावरीधाम तक जाएगी। इसमें शहर की मातृशक्ति दोपहिया वाहनों के साथ भाग लेकर हिन्दू नववर्ष उत्सव का शुभारंभ करेगी।
18 मार्च को हिन्दू नववर्ष की पूर्व संध्या पर कोटा महानगर की लगभग 120 बस्तियों में एक साथ महाआरती का आयोजन किया जाएगा। शहर के मंदिरों और धर्मस्थलों पर आयोजित इन महाआरतियों में स्थानीय सर्व हिन्दू समाज की सहभागिता रहेगी।
दशहरा मैदान में लगेगा स्वदेशी मेला
वर्ष प्रतिपदा यानी 19 मार्च से कोटा के दशहरा मैदान में दो दिवसीय स्वदेशी मेले का आयोजन होगा। मेले में विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
20 मार्च की रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायिका गीता रेबारी अपनी प्रस्तुति देंगी। उनके भक्ति गीत कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगे।
21 मार्च को विराट वाहन रैली
पांच दिवसीय कार्यक्रमों का समापन 21 मार्च को सर्व हिन्दू समाज की विराट वाहन रैली के साथ होगा। महानगर के 12 नगरों से निकलने वाली वाहन रैलियां कॉमर्स कॉलेज, आईटीआई परिसर (डीसीएम रोड), नयापुरा स्टेडियम और मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा पर एकत्र होंगी।
इसके बाद सभी रैलियां सायंकाल 5 बजे टीलेश्वर चौराहे पर महासंगम करेंगी और वहां से जुलूस के रूप में जड़ के बालाजी (दशहरा मैदान) तक पहुंचेंगी, जहां कार्यक्रम का समापन होगा।
बैठक में विभिन्न नगर समितियों के संयोजकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों की जानकारी भी दी। आयोजन समिति के अनुसार इस बार हिन्दू नववर्ष को उत्सव के रूप में मनाने के लिए शहरभर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं’

बैठक में समाजसेवी सत्यनारायण यादव, श्यामबिहारी नागर, सत्यनारायण श्रीवास्तव, ओमप्रकाश त्रिपाठी,पंकज मेहता, हेमंत विजय, मुकुट नागर,हिरेन्द्र शर्मा, महेश विजय,राजाराम कर्मयोग,प्रमोद राठौड़,किसन पाठक,अरविन्द सिसोदिया, सुनील पोकरा, मुकेश विजय, के पी सिंह, लोकेन्द्र सिंह राजावत, सुमेर सिंह,रामचरण युधिष्ठर खटाना,,चेतना मोरवाल, रीना शुक्ला, पवन भटनागर, राजेंद्र अग्रवाल, , डॉ अनुपमा चतुर्वेदी, डा ज्योति शर्मा, सुनीता गोयल जोली, विजयलक्ष्मी गौतम, अर्चना गुर्जर, सोनू सिंघानिया संतोष नामा, अनुराधा गोस्वामी, हेमलता आदि प्रमुखरूप से मौजूद रहीं.इस दौरान महानगर एवं नगर समितियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Back to top button
error: Content is protected !!