नेत्रदान जागरूकता में अग्रणी भूमिका के लिए वरिष्ठ पत्रकार संजीव सक्सेना सम्मानित

आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान कोटा चैप्टर का नेत्रदाता परिवार सम्मान समारोह आयोजित

कोटा। आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान के कोटा चैप्टर द्वारा आयोजित नेत्रदाता परिवार सम्मान समारोह में वरिष्ठ पत्रकार संजीव सक्सेना को उनके सराहनीय सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह समारोह उन परिवारों को समर्पित था, जिन्होंने नेत्रदान के माध्यम से किसी की अंधेरी दुनिया में रोशनी पहुंचाने का कार्य किया।

संजीव सक्सेना प्रेस क्लब कोटा की कार्यकारिणी के सदस्य हैं और लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे जनजागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

इस अवसर पर उन्होंने शाइन इंडिया फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. कुलवंत गौड़ के साथ सम्मान ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि सक्सेना वर्षों से शाइन इंडिया फाउंडेशन से जुड़े हुए हैं और नेत्रदान जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

संजीव सक्सेना ने केवल जागरूकता तक ही अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि अपने परिवार में भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। वे अपने पिता, पत्नी और चाची का नेत्रदान करवा चुके हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने स्वयं भी नेत्रदान और देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि समाज को ऐसे जागरूक नागरिकों की आवश्यकता है, जो शब्दों से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से संदेश दें। संजीव सक्सेना का जीवन इसी संदेश का प्रतीक है—मानवता की सेवा ही सच्ची सामाजिक जिम्मेदारी, है!

संजीव सक्सेना सम्मानित करते हुए विधायक कोटा दक्षिण सदीप शर्मा

 

Back to top button
error: Content is protected !!