युवाओं को स्टार्टअप के लिए तैयार करे राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय: राज्यपाल

- स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर का किया लोकार्पण, रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने पर दिया जोर
- फैशन डिजाइनिंग, फाइन आर्ट्स, विजुअल इफेक्ट्स जैसे गैर इंजीनियरिंग विषय शुरू करने पर जताई खुशी
कोटा। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की रूचि स्वयं का उद्योग स्थापित करने में रहती है। युवाओं की इस रूचि को ध्यान में रखकर राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा अपने विद्यार्थियों को उद्यमी बनाने की दिशा में कार्य करते हुए नवाचारों को बढ़ावा दे। उन्होंने कहा कि यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इस तरह से तैयार किया जाए कि यहां से निकलकर वे अपना स्टार्टअप शुरू कर सकें और नौकरी ढूंढने की बजाय रोजगार देने वाले बनें।
बागडे बुधवार को राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति एवं विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता सहित अन्य शिक्षकों के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय से पिछले कई वर्षों में ऐसे छात्र निकले होंगे जिन्होंने अपना उद्योग स्थापित किया होगा या किसी बड़ी कम्पनी में अच्छे पद पर होंगे। विश्वविद्यालय द्वारा ऐसे होनहार विद्यार्थियों का उदाहरण अन्य विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत कर उन्हें उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया जाए।
विश्वविद्यालय में अनुसंधान गतिविधियों पर चर्चा के दौरान राज्यपाल ने कहा कि शोध करने वाले छात्र अपनी पीएचडी का विषय ऐसा चुने जो समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी हो। शोध के लिए चुना गया विषय उनके जीवन में बदलाव लाए ताकि शोध में व्यतीत किया गया समय फलदाई हो। उन्होंने विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप फैशन डिजाइनिंग, फाइन आर्ट्स, विजुअल इफेक्ट्स जैसे गैर इंजीनियरिंग कार्यक्रम शुरू करने की सराहना की।

स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर का किया लोकार्पण
राज्यपाल ने राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में नवनिर्मित स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि प्रैक्टिकल ज्ञान के अभाव में डिग्री का कोई उपयोग नहीं है। इसलिए, विद्यार्थी केवल पाठ्यपुस्तक पढ़कर डिग्री हासिल करने की अपेक्षा व्यावहारिक एवं प्रैक्टिकल ज्ञान प्राप्त करने पर अधिक ध्यान दें। उन्होंने कहा कि इस सेंटर के माध्यम से विद्यार्थी के कला-कौशल में इतना निखार लाया जाए कि वे विद्यार्थी बाहर जाकर राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय की अलग पहचान कायम करें। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि विद्यार्थियों में विशेष स्किल को निखारने में यह सेंटर उपयोगी साबित होगा। उन्होंने नवनिर्मित सेंटर के उद्घाटन के लिए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
अधिकारियों ने शैक्षणिक उत्कृष्टता में सुधार के लिए उठाए गए कदमों, विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं संबद्ध महाविद्यालयों में अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों, विभिन्न संस्थानों के साथ किए गए एमओयू, विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, नई शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन की दिशा में उठाए गए कदमों, उद्यमिता कौशल में सुधार एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों आदि के बारे में जानकारी भी दी। इस अवसर पर राज्यपाल के सलाहकार उच्च शिक्षा प्रो. कैलाश सोडाणी, ओएसडी उच्च शिक्षा डॉ. कुलदीप मिश्रा, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी, कुलसचिव श्रीमती भावना शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिष्ठाता उपस्थित रहे।

रिवर फ्रंट भी निहारा
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने चंबल रिवर फ्रंट का भ्रमण कर इसका सौंदर्य निहारा। उन्होंने नयापुरा घाट से प्रवेश करते हुए सिंह घाट, साहित्य घाट उत्सव घाट, चंबल माता घाट, मुकुट महल सहित विभिन्न घाटों और वहां बनी कलाकृतियां का अवलोकन किया और इसके सौंदर्य को अपने मोबाइल में भी कैद किया। विभिन्न लोक कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों और फव्वारों का सौंदर्य भी निहारा। इस अवसर पर जिला कलेक्टर एवं कोटा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पियूष समारिया, पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, प्राधिकरण आयुक्त ममता तिवारी, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने चंबल रिवर फ्रंट का भ्रमण कर इसका सौंदर्य निहारा। उन्होंने नयापुरा घाट से प्रवेश करते हुए सिंह घाट, साहित्य घाट उत्सव घाट, चंबल माता घाट, मुकुट महल सहित विभिन्न घाटों और वहां बनी कलाकृतियां का अवलोकन किया और इसके सौंदर्य को अपने मोबाइल में भी कैद किया। विभिन्न लोक कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों और फव्वारों का सौंदर्य भी निहारा। इस अवसर पर जिला कलेक्टर एवं कोटा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पियूष समारिया, पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, प्राधिकरण आयुक्त ममता तिवारी, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









