VMOU में होगी अब AI और साइबर सिक्योरिटी की पढ़ाई

नए वोकेशनल कोर्स लांच करेगा वीएमओयू

  • कुलगुरू प्रोफेसर वर्मा ने विद्यापीठों के निदेशकों की बैठक कर दिए दिशा-निर्देश
  • विदेशी भाषाएं भी पढ़ाई जाएंगी, बड़े संस्थानों से होगा एमओयू

कोटा। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रोफेसर बीएल वर्मा ने गत दिवस समस्त विद्यापीठों के निदेशकों के साथ एक बैठक कर आगामी अकादमिक सत्र के लिए योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए दिशा निर्देश जारी किए।

प्रोफेसर वर्मा ने बताया कि वीएमओयू में आने वाले समय में वोकेशनल पाठ्यक्रमों की शुरूआत की जाएगी जिसके आधार पर राज्य के युवाओं को रोजगार मिल सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के अन्य उत्कृष्ट संस्थानों के साथ एमओयू करेगा जिससे अकादमिक विषयों पर ज्ञान के आदान-प्रदान में सहयोग मिलेगा।

प्रोफेसर वर्मा ने बताया कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय फ्रेंच और स्पेनिश भाषा में पाठ्यक्रम आरंभ करेगा जिससे विदेशी सैलानियों के आने पर यहां के युवाओं को गाइड बनने का अच्छा अवसर मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि होटल और टूरिज्म प्रबंध से जुड़े कार्यक्रमों को भी तैयार किया जाएगा जिससे युवा शक्ति को नौकरी के जल्द अवसर प्राप्त हो सकेंगे। सभी विद्यापीठ सेमिनारों का भी आयोजन करेंगी जिससे बौद्धिक ज्ञान के आदान-प्रदान और विमर्श को बढ़ावा मिलेगा।

विश्वविद्यालय अपने यहां प्लेसमेंट सेल भी स्थापित करेगा साथ ही पूर्व विद्यार्थियों यानी एलुमिनाई से मदद के लिए भी द्वार खोले जा रहे हैं। बंद पड़े पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में जरूरी पाठ्यक्रमों को डिप्लोमा में परिवर्तित कर संचालित किया जाएगा। बकौल प्रोफेसर वर्मा, विश्वविद्यालय एआई और साइबर सुरक्षा के अलावा अकाउंटिंग और ऑडिट में डिप्लोमा जैसे नए कार्यक्रम तैयार करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अपना न्यूजलेटर भी ऑनलाइन प्रकाशित करेगा जिससे विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की गतिविधियों की सूचना मिलती रहेगी। इसके अलावा संकाय सदस्यों की कमी को भी जल्द पूरा कराने के प्रयासों पर जोर दिया जाएगा। कुलगुरू प्रोफेसर वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार सभी संकाय सदस्य अपने पाठ्यक्रमों को नवीनीकृत करें।

बैठक में निदेशक संकाय प्रोफेसर बी अरूण कुमार, प्रो सुबोध कुमार, प्रो क्षमता चौधरी, प्रो अनुराधा दुबे, प्रो कीर्ति सिंह, प्रो अनुरोध गोधा आदि मौजूद रहे।

 

 

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!