सांगोद विधायक अपनी ही सरकार के लिए बने मुसीबत, लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

सांगोद विधायक भरत सिंह ने सीएम गहलोत को लिखा पत्र, खनन मंत्री को पद से हटाने की मांग

– विधायक ने पत्र में लिखा-बारां जिले से बह रही भ्रष्टाचार की गंगोत्री

कोटा. अपनी ही सरकार के लिए मुसीबत बन चुके सांगोद विधायक भरत सिंह ने एक बार फिर खनन मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है, जब भरत सिंह ने राजस्थान सरकार के खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर निशाना साधा हो। वह विधानसभा में भी उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा चुके हैं, लेकिन दीगर है कि विधायक ने कभी इस मामले में न एसीबी में शिकायत दर्ज कराने की जहमत उठाई और ना ही कभी वह खान मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत दे सके। जिसके बाद अब उनकी सरकार भी उनके इन आरोपों पर कान नहीं धर रही।

Read More : कलेजे के टुकड़े पर आई आंच तो मौत से लड़ पड़ी गर्भवती मां, भगवान बनकर पहुंची खाकी

बारां से निकल रही भ्रष्टाचार की गंगोत्री
सांगोद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने शनिवार को सीएम अशोक गहलोत को पत्र लिखकर खनन मंत्री को पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में खनन विभाग के मुखिया और बारां जिले में भ्रष्टाचार पनपने की बात लिखी है। उन्होंने पत्र में खनन मंत्री भाया पर निशाना साधते हुए तंज कसा कि बिल्ली को ही दूध की रखवाली के लिए लगाया हुआ है। हालात यह हो गए कि बारां से भ्रष्टाचार की गंगोत्री निकल रही है, जो पूरी हाड़ौती में फैल रही है।

Read More : मुंबई का ड्रग माफिया पुलिस रिमांड में उगलेगा चौंकाने वाले राज

मंत्री ने भ्रष्ट अधिकारियों को छांट-छांट कर लगाया
विधायक सिंह ने पत्र में लिखा कि बारां जिले में शाहबाद इलाके के कडैय़ावन गांव में चारागाह भूमि पर अवैध खनन करते समय रामस्वरूप सहरिया नाम के व्यक्ति की मौत हो गई थी। इससे पहले भी अवैध खनन के दौरान तीन लोगों की मौत हो चुकी है। यह पुरानी घटना नहीं है, बारां में सहरिया मजदूरों की मौत होती है। इसके बावजूद अवैध खनन कभी भी बंद नहीं होता। उन्होंने कहा कि बारां वह जिला है, जहां पर खनन मंत्री, भ्रष्ट अधिकारियों को छांट-छांट कर लगाते हैं।

Read More : पाकिस्तानी करीम के लिए BSF बनी ‘बजरंगी भाईजान’

तत्कालीन बारां कलक्टर इंदसिंह को भी मंत्री ने ही लगवाया था
उन्होंने मंत्री भाया पर आरोप लगाते हुए लिखा कि बारां के पूर्व जिला कलक्टर इंद्र सिंह राव घूसखोरी के मामले में जेल में बंद है। राव को मंत्री की पसंद पर ही बारां जिले में पदस्थापित किया गया था। यह तो एक उदारहण मात्र है, इनके जैसे कई ऑफिसर हैं जो इन कामों में लिप्त हैं।

जब मुखिया ही भ्रष्ट तो फिर कैसे रुके भ्रष्टाचार
विधायक भरत सिंह ने लिखा कि प्रदेश में अवैध खनन तब तक पनपता रहेगा जब तक खनन विभाग के भ्रष्ट मुखिया इस पद पर बने रहेंगे। खनन विभाग में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। विधायक सिंह ने सीएम से भ्रष्ट लोगों को जिम्मेदार पद से हटाने और खनिज विभाग के मुखिया को निलंबित करने की मांग की है। इस संबंध में टिस मीडिया ने विधायक भरत सिंह से बात करने की कोशिश की लेकिन उनसे सम्पर्क नहीं हो पाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!