कोटा पुलिस ने दबोचा वाहन चोर गिरोह
- आरकेपुरम पुलिस ने 15 चोरी के वाहन बरामद किए

– शातिर चोर गोलू एरवाल गिरफ्तार
कोटा।
कोटा शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच आरकेपुरम थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 चोरी के वाहन बरामद कर पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली का खुलासा किया है।
जानकारी के अनुसार, कोटा पुलिस द्वारा चोरों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को 24 तारीख को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति इल्जा बिल्डिंग के पास चोरी के वाहनों के साथ मौजूद है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी गोलू एरवाल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह शहर के विभिन्न इलाकों में लावारिस खड़े या ताले तोड़कर वाहन चोरी करता था। चोरी के बाद वह इन वाहनों को मुकुंदरा रानपुर क्षेत्र में छिपा देता था।









