कोटा में एसआई व दो कांस्टेबल सस्पेंड, तीन लाइन हाजिर

साइबर ठग को छोड़ने की एवज में डेढ़ लाख मांगे, 75 हजार लेकर छोड़ा

  • शराब पीकर पब्लिक से लड़ने वाले एएसआई सहित तीन को किया लाइन हाजिर

कोटा@ कोटा में साइबर ठग को छोड़ने की एवज में पैसे लेने के मामले में सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बड़ा एक्शन लिया है। एसपी ने गुमानपुरा थाने के एसआई समेत दो अन्य कांस्टेबल को सस्पेंड किया है। तीनों का मुख्यालय झालावाड़ रखा गया है। सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों में एसआई देवकीनंदन, कांस्टेबल करतार सिंह और कांस्टेबल छोटूलाल गुर्जर शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार गुमानपुरा थाना अधिकारी महेश कारवाल इन दिनों छुट्टी पर हैं। उनके अवकाश पर रहने के दौरान थाने का चार्ज सेकंड अधिकारी एसआई देवकीनंदन के पास था। एसआई देवकीनंदन को रानपुर थाना अधिकारी के तौर पर लगाया था। 6 मई से रानपुर थाने का चार्ज सभालना था। गुमानपुरा थाने में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि गुमानपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि युवक को किडनैप कर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने जब संबंधित वाहन को रोका और युवकों की जांच की तो उनके पास फर्जी एटीएम कार्ड और अन्य संदिग्ध सामग्री मिली। इनमें से एक युवक बैंक खातों के जरिए साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ था। जांच में सामने आया कि ये लोग म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करते हैं।पुलिस ने युवकों को थाने में बैठाया। एसपी ने बताया कि जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने पैसों का लेनदेन किया और मामला भी देरी से दर्ज किया। शुक्रवार देर रात तक सिटी एसपी खुद गुमानपुरा थाने में मौजूद रहीं और पूरे मामले की जानकारी ली।

जानकारी में आया कि एसआई देवकीनंदन, कांस्टेबल छोटूलाल गुर्जर और करतार सिंह ने उन युवकों को छोड़ने के लिए डेढ़ लाख रुपए की डील की। इसमें से 75 हजार रुपए ले लिए थे, जबकि बाकी 75 हजार रुपए लेने थे। तीनों पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें तत्काल सस्पेंड कर दिया गया। तीनों का मुख्यालय झालावाड़ रखा गया है।
एसपी ने बताया कि वर्तमान में कोटा रेंज आईजी का अतिरिक्त चार्ज भी उनके पास है। जयपुर पुलिस मुख्यालय से चर्चा के बाद निलंबन आदेश जारी किए गए। पूरे मामले की जांच अंडर ट्रेनिंग आईपीएस सिद्धार्थ कुमार श्रीवास्तव को सौंपी गई है।

शराब पीकर झगड़े, तीन लाइन हाजिर
वहीं अनुशासनहीनता करने के मामले में गुमानपुरा थाने के तीन अन्य पुलिसकर्मियों (एएसआई ऋषिपाल, हीरालाल और जुगल) को लाइन हाजिर किया गया है। एसपी ने बताया कि इनकी गोपनीय शिकायत मिली थी। आरोप है कि ये तीनों शराब पीकर किसी व्यक्ति से झगड़ गए थे। शिकायत सही पाए जाने पर इन्हें लाइन हाजिर किया गया।
kota, police, crime, rajasthan

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!