मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव ने भाजपा का दामन थामा

TIS Media @New Delhi उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) की छोटी बहू अपर्णा यादव (Aparna Yadav) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। बुधवार को अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश भाजपा इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गई। इसके बाद उन्होंने पार्टी के अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मुलाकात की।

भाजपा की सदस्यता लेने के बाद अपर्णा ने कहा कि “मैं हमेशा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित रही हूँ। मेरे चिंतन में सबसे पहले राष्ट्र है। अब मैं राष्ट्र की आराधना करने निकली हूँ। मैं स्वच्छ भारत मिशन, महिलाओं के लिए स्वावलंबन जीवन समेत भाजपा की अन्‍य सभी योजनाओं से प्रभावित रही हूँ। मैं भाजपा को धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मुझे पार्टी का हिस्सा बनने का मौका दिया।”

सपा में कोई “बेटी-बहू” सुरक्षित नहीं 
इस मौके पर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने अपर्णा यादव का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि सपा के शासन में गुंडागर्दी को इतना महत्व दिया जाता था कि प्रदेश में कोई बेटी सुरक्षित नहीं थी। अपर्णा को शुरू से लगता था कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में सुशासन है। इस मौके पर उप मुख्यमत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपर्णा यादव की विचार धारा हमेशा से भाजपा से प्रभावित रही है जैसा उनके बयानों से प्रतीत होता था। मोदी और योगी के नेतृत्व में जो विकास हो रहा है, यह देखते हुए बहुत लोग भाजपा में आ रहे हैं।

असफल अखिलेश 
मौर्या ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने परिवार और पार्टी दोनों में ही असफल रहे है। मुख्यमंत्री काल के दौरान भी और अब सांसद के रूप में भी वह असफल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता हैं। इन्हीं के बेटे प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई है। अपर्णा 2017 में लखनऊ कैंट से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। जिसमें उन्हें भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी से हार का समाना करना पड़ा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!