निगम के टुकड़े करने पर भड़के भवानी, बोले: कांग्रेस के काम नहीं आएगी कोई तिकड़म
![Bhawani Singh Rajawat, EX MLA Rajawat, BJP MLA, Rajasthan BJP, Kota BJP, Kota News, municipal corporations kota, Kota Nagar Nigam, Rajasthan Election, Nigam Election,](https://tismedia.in/wp-content/uploads/2020/10/bhawani-1.jpeg)
कोटा. अपने बयानों से अक्सर चर्चाओं में रहने वाले भाजपा नेता और पूर्व विधायक भवानी सिंह कोटा नगर निगम के दो टुकड़े किए जाने पर अब भी भड़के हुए हैं। वार्ड 19 में जनसंपर्क के दौरान उन्होंने कहा कि निगम बोर्ड पर काबिज होने के लिए कांग्रेस निगम के टुकड़े कर डाले, लेकिन जनता चुनाव में उनकी कोई तिकड़म नहीं चलने देगी।
Read More: कोटा निगम चुनाव: बागी हुए बेकाबू, सियासी सूरमाओं के माथे पर पड़ा बल
पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कोटा सहित जयपुर, जोधपुर में बरसों से निगम चुनाव जीतने के लिए व्याकुल कांग्रेस ने तीनों शहरों को दो भागों में विभाजित कर दिया, लेकिन उनकी यह कवायद भी जनता बेकार साबित कर देगी। निगमों और स्थानीय निकायों में कांग्रेस का कार्यकाल जनता ने बखूबी देखा है। मूलभूत सुविधाओं पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा आदि के लिए लोग तरसते रहे। जबकि भाजपा ने मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाने के लिए खूब काम किया है।
Read More: कोटा निगम चुनाव : विरोधियों से निपटने को कांग्रेस ने मैदान में उतारे प्रवक्ता
नाकाम साबित होगा बंटवारा
राजावत ने कहा कि कोटा की आबादी कम होने के बावजूद भी दो निगम बना दिए। जबकि, इन्दौर, भोपाल और लखनऊ जैसे कई गुना बड़े शहरों में अब भी एक ही निगम संचालित है। यहां तक कि पंजाब और हरियाणा की राजधानी चण्डीगढ़ में भी एक ही निगम है। अगर सरकार वास्तव में कोटा शहर की दशा सुधारना चाहती थी तो निगम को मिलने वाली सुविधा और संसाधन बढ़ाती। एक निगम होने पर जब अग्निशमन अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी जैसे कई महत्वपूर्ण पद वर्षों से खाली पड़े रहे तो अब दो निगमों के पदों को कैसे भरेंगे। इस दौरान धनराज गुर्जर, जयप्रकाश गहलोत, नरेन्द्र सोलंकी, अभिलाष शर्मा, लक्ष्मण गुर्जर, दिनेश कुमावत, रामलाल मालव, रामबाबू शर्मा, राधेश्याम मेघवाल, धन सिंह हाड़ा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।